गोड्डा, झारखंड : झारखंड के गोड्डा जिले में अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए बिहार के सासाराम में पदस्थापित एक न्यायिक मजिस्ट्रेट की पत्नी को गोली मार दी। घटना पथरगामा थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क महिला को घेरकर फायरिंग की।
पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय वंदना कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ चल रहे तलाक के मामले में गोड्डा अदालत में हाजिरी देने के बाद अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से पैतृक गांव परसा लौट रही थीं। इसी दौरान पथरगामा के पास पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने सुनसान स्थान पर उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां चलाईं।
पथरगामा थाना प्रभारी शिव दयाल ने बताया कि फायरिंग में दो गोलियां महिला को छूते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली उनकी पीठ में जा लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें पहले पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर (बिहार) के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
वहीं पीड़िता के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि तलाक विवाद के चलते पति ने ही अपराधियों को सुपारी देकर हमला करवाया है। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद पिछले कई वर्षों से चल रहा था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।