चितरपुर (रामगढ़) में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत, भाई घायल

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़–बोकारो मुख्य मार्ग पर चितरपुर मेन रोड स्थित नटखट प्लाई के समीप सोमवार को एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान रामगढ़के सौदागर मोहल्ला, राजागढ़ निवासी मनीष अग्रवाल (38) के रूप में हुई है।

मृतक मनीष अग्रवाल

जानकारी के अनुसार मनीष अग्रवाल अपने छोटे भाई आशीष अग्रवाल के साथ ग्लैमर बाइक से गोला स्थित अपनी कपड़ा दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही सीमेंट मिक्सर हाइवा ने तेज गति से बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। मनीष अग्रवाल के सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में आशीष अग्रवाल को हल्की चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, उसी समय सड़क से गुजर रहा एक साइकिल सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना के बाद भाग रहे हाइवा वाहन को पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र के पास पकड़ लिया।

बताया गया कि मृतक अपने पीछे बीमार मां, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा रामगढ़–बोकारो मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।