संगठन और सद्भाव से वैश्य समाज को मिलेगी नई दिशा, 30 जनवरी को भुरकुंडा (रामगढ़, झारखंड) में होगा महासम्मेलन

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : वैश्य समाज को संगठित कर सामाजिक एकता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से झारखंड वैश्य मोर्चा द्वारा चितरपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के माध्यम से आगामी वैश्य सद्भावना महासम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरी ने की, जबकि संचालन मुन्ना प्रसाद गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश्वर साहू, प्रधान महासचिव बिरेंद्र कुमार, संगठन सचिव बसंत कुमार साहू, रामगढ़ जिला प्रभारी अशोक कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश्वर साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती और आपसी सद्भाव से ही वैश्य समाज को एक नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने समाज के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 30 जनवरी को भुरकुंडा (रामगढ़, झारखंड) में वैश्य सद्भावना महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसे ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

वक्ताओं ने कहा कि यह महासम्मेलन समाज में भाईचारे, एकता और संगठनात्मक सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा। इसी उद्देश्य से गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में रवींद्र चौधरी, चंद्रशेखर पटवा, नमधारी, मनमोहन चौधरी, विनोद चौधरी, सुरेश साव, रूपेश पोद्दार, जीतू भगत, श्याम सुंदर साव, रंजीत प्रजापति, प्रताप कुमार, चंद्रहास चौधरी, राजू कुमार, कैलाश पोद्दार, संतोष साव, लखन पोद्दार सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग मौजूद रहे।