पीएम श्री विद्यालयों के लिए जिला स्तरीय एसएमसी उन्मुखीकरण–सह–सम्मेलन आयोजित, सामुदायिक सहभागिता पर दिया गया जोर

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : झारखंड शिक्षा परियोजना रामगढ़ के तत्वावधान में पी.एम. श्री विद्यालयों के लिए एकदिवसीय जिला स्तरीय एस.एम.सी. (विद्यालय प्रबंधन समिति) उन्मुखीकरण–सह–सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार अनल, प्राचार्य पूनम अग्रवाल, एपीओ कुमार राज एवं क्षेत्र प्रबंधक राजवीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

सम्मेलन में रामगढ़ जिले में संचालित पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, बीआरपी, सीआरपी तथा सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज (C3) के सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने पीएम श्री विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्षों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। मजबूत विद्यालय प्रबंधन समितियां समुदाय की भागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करती हैं। इन्हीं विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर से वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पीएम श्री विद्यालयों के सफल संचालन के लिए एसएमसी अध्यक्षों एवं सदस्यों के कार्यों और दायित्वों को स्पष्ट करना है, ताकि वे विद्यालय विकास की रूपरेखा को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।

वहीं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय अन्य सरकारी विद्यालयों की तुलना में आधुनिक, बाल-केंद्रित और गुणवत्ता आधारित शिक्षा पर विशेष जोर देते हैं। ये विद्यालय समुदाय और एसएमसी की सक्रिय भागीदारी के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देते हैं, जिससे बच्चे आत्मविश्वासी, कुशल और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम में प्रखंड साधन सेवी मो. अरशद, अविनाश नायक, सीआरपी तपन कुमार पोद्दार, वीणा कुमारी, मास्टर ट्रेनर पॉवेल कुमार, कुमारी सपना, सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, तजिंदर कौर, सुमित्रा कुमारी, मिथलेश कुमार रविदास, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, राजेश पासवान, रंजीत कुमार गुप्ता, संजय कुमार श्रीवास्तव सहित जिले के कई शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे।