जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ ने न्यायमूर्ति दीपक रोशन से मुलाकात कर अधिवक्ताओं की समस्याओं से कराया अवगत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में आज व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के निरीक्षण के दौरान झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री दीपक रोशन से मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा माननीय न्यायमूर्ति का बुके देकर स्वागत किया गया।

मुलाकात के दौरान जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ की ओर से अधिवक्ताओं को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने माननीय न्यायमूर्ति को अवगत कराया कि अधिवक्ताओं के बैठने हेतु प्रस्तावित जी प्लस 4 भवन का निर्माण कार्य सचिव, भवन निर्माण विभाग, रांची के स्तर पर लंबित है। इस पर शीघ्र निर्णय लेते हुए जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ के भवन निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया।

इसके साथ ही व्यवहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं एवं मुवक्किलों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था नहीं होने, पार्किंग की गंभीर समस्या तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर भी माननीय न्यायमूर्ति का ध्यान आकर्षित कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने व्यवहार न्यायालय रामगढ़ में न्यायाधीशों की कमी का विषय भी उठाया।

इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री दीपक रोशन ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर विचार कर शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं को उनकी समस्याओं के निराकरण को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

मौके पर व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के सभी न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ के महासचिव सीताराम, उपाध्यक्ष ऋषि महतो, कार्यकारिणी सदस्य मीनू कुमारी, राजेंद्र महतो, सचिन महतो सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।