रामगढ़, झारखंड : युवाओं को सही दिशा प्रदान करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा अपने यूथ डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में एक कैरियर काउंसलिंग सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कैरियर लॉन्चर, रांची के निदेशक संतोष कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों और लक्ष्य निर्धारण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को उनकी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप करियर चयन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, सही मार्गदर्शन और भविष्य की योजना बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को करियर से जुड़े अपने भ्रम दूर करने और प्रतिस्पर्धात्मक दौर में स्वयं को बेहतर तरीके से तैयार करने की प्रेरणा मिली। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया, जिससे उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास बढ़ा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी और मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से कैरियर लॉन्चर, रांची की टीम एवं विद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, मेघा बगड़िया, नीरु साहनी, अनुराधा श्रॉफ, पिंकी गांधी, पिंकी पोद्दार, रंजू अरोरा, जस्मीत कौर, परमजीत भुसरी, जसबिंदर होरा, जसप्रीत कौर, गुरबक्श कौर, नयन मेवाड़ सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।