रामगढ़, झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, नीलाम पत्र वाद, दाखिल-खारिज, परिशोधन पोर्टल सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत समेत संबंधित विभागों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अब तक की उपलब्धि की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को अवैध शराब के खिलाफ नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को जिले में संचालित अवैध ईंट भट्ठों की जांच कर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिला एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारियों तथा अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
इस दौरान मैनेजर आईटी श्री वेदांत कुमार द्वारा अंचलवार विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सेवा का अधिकार अधिनियम का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने और सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अंचलों में न्यायालय से संबंधित मामलों की कॉज लिस्ट नियमित रूप से अपडेट करने को भी कहा।
परिशोधन पोर्टल के माध्यम से भूमि से संबंधित दस्तावेजों में सुधार एवं अन्य सेवाओं को लेकर उपायुक्त ने पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्रीमती कुमारी गीतांजलि, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती मनीषा वत्स सहित जिला एवं अंचल स्तर के कई अधिकारी उपस्थित थे।