नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन मंगलवार को निर्विरोध रूप से भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। भाजपा मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अमित शाह, राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्रीगण, सांसद एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा में पद से बड़ा संगठन और विचारधारा होती है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को पार्टी का कार्यकर्ता मानते हैं और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संगठन के मार्गदर्शक हैं, जिनका मार्गदर्शन भविष्य की दिशा तय करेगा। पीएम मोदी ने पार्टी की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, कार्यकर्ता आधारित संगठन और विचारधारा की मजबूती पर भी जोर दिया।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले संबोधन में कहा कि भाजपा में राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र साधना का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी की परंपरा त्याग, तपस्या और जिम्मेदारी पर आधारित है और वे इस विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने वक्तव्य में कहा कि नितिन नबीन संगठनात्मक अनुभव, युवा ऊर्जा और सरल स्वभाव के नेता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी और संगठन को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नितिन नबीन जैसे जमीनी कार्यकर्ता के अध्यक्ष बनने से पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की परंपरा के अनुसार नेतृत्व परिवर्तन के साथ भी विचारधारा और दिशा अडिग रहती है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी नितिन नबीन को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन के और मजबूत होने की कामना की।