रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के बरकाकाना रेलवे क्षेत्र में स्थित टेलीकॉम रेलवे स्टोर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने नकाब पहनकर स्टोर और कार्यालय में घुसकर लाखों रुपये मूल्य की रेलवे सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना बरकाकाना रेलवे कंट्रोल ऑफिस से सटे सीनियर सेक्शन इंजीनियरिंग कार्यालय, टेलीकॉम ऑफिस एवं स्टोर में हुई। बुधवार तड़के कपांच की संख्या में नकाबपोश चोर परिसर में दाखिल हुए और बैटरी, केबल चार्जर सहित अन्य कीमती टेलीकॉम सामग्री चोरी कर फरार हो गए।
बताया गया है कि चोर टेलीकॉम विभाग की बाउंड्री के रास्ते अंदर दाखिल हुए और उसी रास्ते से चोरी का सामान लेकर बाहर निकल गए। इस घटना से रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद बरकाकाना सेक्शन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से बरकाकाना राजकीय रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। राजकीय रेल पुलिस (आरपीएफ) सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।