राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत प्रभात फेरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन 

Spread the love

कार्यक्रम में शामिल बच्चे

रामगढ़, झारखंड  : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर जिले में आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभात फेरी एवं चित्रकला/पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का सम्मान तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने जैसे संदेशों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाया गया।

सिदो कान्हू मैदान रामगढ़ से चट्टी बाजार रामगढ़ तक आयोजित प्रभात फेरी में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें”, “ट्रैफिक नियमों का पालन करें” जैसे नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता संदेश फैलाया। प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।

इसी क्रम में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों को कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता में बच्चों ने ट्रैफिक सिग्नल का महत्व, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, स्कूल जोन में सावधानी, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के उपयोग जैसे संदेशों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित मोटर वाहन निरीक्षक श्री मोनू मृणाल एवं श्री विपुल उरांव सहित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर बच्चों की जागरूकता ही भविष्य में सुरक्षित समाज के निर्माण की नींव है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सतत जागरूकता बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।