राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हिट एंड रन मुआवजा योजना पर काउंसलिंग का आयोजन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत परिवहन कार्यालय, रामगढ़ में हिट एंड रन मुआवजा योजना को लेकर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोटर वाहन निरीक्षक श्री मोनू मृणाल एवं श्री विपुल उरांव की उपस्थिति में आमजनों को हिट एंड रन मुआवजा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।काउंसलिंग के दौरान बताया गया कि सड़क दुर्घटना में हिट एंड रन की स्थिति में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ₹50,000/- तथा मृत्यु की स्थिति में पीड़ित परिवार को ₹2,00,000/- की सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों एवं उनके परिजनों को त्वरित राहत प्रदान करना है।

मोटर वाहन निरीक्षकों द्वारा लोगों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, एफ.आई.आर., मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मृत्यु की स्थिति में), आधार कार्ड एवं बैंक खाते की जानकारी से संबंधित प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से आवेदन जमा कराकर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित की सहायता करने तथा “स्वर्णिम घंटा” (Golden Hour) के महत्व को समझते हुए घायल व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की गई।

यह काउंसलिंग कार्यक्रम राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग हिट एंड रन मुआवजा योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।