
भाषण प्रतियोगिता में भाग लेती छात्रा
रामगढ, झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस 2026 का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। यह दो दिवसीय कार्यक्रम 22 एवं 23 जनवरी 2026 को रामगढ़ के ऐतिहासिक सुभाष चौक के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण (एंथ्रोपोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जा रहा है।

पेंटिंग प्रतियोगतिा में भाग लेती छात्रायें
पहले दिन चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
22 जनवरी को आयोजित प्रारंभिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन, उनका पराक्रम, देशभक्ति, राष्ट्र-निर्माण में योगदान, रामगढ़ से नेताजी का ऐतिहासिक संबंध तथा स्वतंत्रता संग्राम रहा।
इस प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले के सात प्रमुख विद्यालयों—आर्मी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, गुरु नानक विद्यालय, राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर, ज्ञान मंदिर परसोतिया एवं श्री कृष्ण विद्या मंदिर—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
निर्णायक मंडल की भूमिका समाजसेवी श्रीमती स्रामिष्ठा दत्ता, भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण के सहायक मानवविज्ञानी राज किशोर महतो एवं सहायक शोधकर्ता सुदीप्तो कुमार बेहेरा ने निभाई। कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चला, जिसमें शिक्षकगण एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दूसरे दिन रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक आयोजन
23 जनवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे आर्मी कैंट, रामगढ़ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे दुर्गा मंदिर परिसर में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण के सहायक मानवविज्ञानी राज किशोर महतो के स्वागत भाषण से होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस को माल्यार्पण, नेताजी पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन, वाद्ययंत्र प्रदर्शनी, राष्ट्रभक्ति गीत तथा छऊ नृत्य जैसे रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
विशिष्ट अतिथियों की रहेगी उपस्थिति
पराक्रम दिवस 2026 के मुख्य अतिथि हजारीबाग के माननीय सांसद मनीष जायसवाल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेलवे के डिवीजन ट्रैफिक मैनेजर राजहंस सिंह की गरिमामयी उपस्थिति तथा रामगढ़ कैंट के गैरीसन इंजीनियर रोहित साठे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।