राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त की अध्यक्षता में विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन 

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : इस वर्ष “माई इंडिया, माई वोट” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सर्वप्रथम समाहरणालय सभाकक्ष में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज के द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अपर समाहर्ता श्रीमती गीतांजलि कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार गुप्ता सहित जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई।

इसके साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नए मतदाताओं श्री अभिषेक कुमार तिवारी एवं श्री सोनू कुमार तिवारी को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे मजबूत आधार है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का निर्भीक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने की अपील की।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में रामगढ़ जिला अंतर्गत सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लेकर मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।