रामगढ़ : अवैध खनन पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, तीन हाईवा जब्त, प्राथमिकी दर्ज

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड)  :  रामगढ़ जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त, रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध एवं निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में दिनांक 22 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न करीब 12:30 बजे खान निरीक्षक राहुल कुमार द्वारा औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पतरातु थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे फाटक के समीप सौंदा की ओर से आ रहे तीन बालू लदे भारी वाहन (हाईवा) को रोका गया।

जांच में पाया गया कि तीनों वाहनों के पास बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध परिवहन चालान उपलब्ध नहीं था। जांच के दौरान जब्त किए गए वाहनों एवं बालू का विवरण इस प्रकार है—

हाईवा संख्या JH-02AX-9661 : 783.75 घन फीट बालू

हाईवा संख्या JH-02AY-7452 : 783.75 घन फीट बालू

हाईवा संख्या JH-13F-4486 : 836 घन फीट बालू

उपरोक्त तीनों वाहनों को बालू खनिज सहित विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया। साथ ही वाहन मालिक, चालक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व को क्षति पहुंचाने तथा संबंधित खनन कानूनों के उल्लंघन के आरोप में पतरातु थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी पतरातु थाना कांड संख्या 23/2026, दिनांक 22.01.2026 के तहत दर्ज की गई है। यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 (संशोधित) तथा झारखंड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम, 2017 के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामगढ़ (झारखंड) जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।