माता वैष्णों देवी मंदिर का 35वां वार्षिकोत्सव शुरू, गणेश पूजन व ध्वजारोपण के साथ धार्मिक अनुष्ठान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : रामगढ़  शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर का 35वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत शनिवार को विधिवत गणेश पूजन, निशान पूजा, मंडप प्रवेश, वेदी पूजा तथा ध्वजारोपण का आयोजन किया गया।

अनुष्ठान के मुख्य यजमान हर्ष आनंद एवं उनकी पत्नी निशु आनंद रहे। यज्ञाचार्य पंडित गोविंद वल्लभ शर्मा, मुरारी मोहन शर्मा, अंकित पाठक, सत्येंद्र दुबे, किशोर शर्मा, राजेश पांडेय एवं उपेंद्र पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।

रविवार को प्रातः 9 बजे से श्रीगणेश एवं वेदियों की पूजा के उपरांत सात ब्राह्मणों के दल द्वारा शतचंडी पाठ आरंभ होगा। अपराह्न 3 बजे से अग्नि प्रवेश पूजन के बाद यज्ञ हवन, आरती तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर माता वैष्णों देवी के दर्शन हेतु सुबह से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा द्वारा भक्तों को विधिवत पूजा कराई जा रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और आर्टिफिशियल फूलों से सजाया गया है, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया है।

धार्मिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन में पंजाबी हिन्दू बिरादरी एवं माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित अन्य सदस्यों का सहयोग उल्लेखनीय रहा।