रामगढ़ : श्री श्याम मंदिर के प्रथम वार्षिक महोत्सव पर 28–29 जनवरी को होंगे भव्य धार्मिक आयोजन

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिला, झारखंड के नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 28 एवं 29 जनवरी 2026 को प्रथम वार्षिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी श्याम भक्त पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त बाबा श्याम के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं और अपनी कामनाओं की पूर्ति के लिए शीश झुका रहे हैं।

28 जनवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे से श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर भारत के सुप्रसिद्ध पाठ वाचक रोहित जी शर्मा उर्फ जिमी द्वारा अखंड ज्योति पाठ किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम के अलौकिक दर्शन, पुष्प वर्षा, ज्योति दर्शन तथा इत्र की बरसात का विशेष आयोजन किया गया है।

वहीं 29 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। इसके पश्चात 11:30 बजे से 4:00 बजे तक अटूट भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। संध्या 6:00 बजे से भजन संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आलौकिक श्रृंगार एवं ज्योति दर्शन के साथ अयोध्या से आईं बंकु बहनें तथा कोलकाता के लव अग्रवाल अपने मधुर भजनों से भक्तों के हृदय में भक्ति रस प्रवाहित करेंगे।

श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस प्रथम वार्षिक महोत्सव में भाग लें। समिति ने बताया कि सुंदरकांड पाठ बरणपुर के परम श्रद्धेय श्री संतोष भाई जी, आसनसोल (पश्चिम बंगाल) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। ट्रस्ट ने भक्तों से प्रसाद ग्रहण करने, भजन सुनने एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनने का निवेदन किया है।