प्रसिद्ध लेखक व वरिष्ठ पत्रकार मार्क टली का निधन, नई दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस

Spread the love

नई दिल्ली : देश के प्रसिद्ध लेखक और अनुभवी पत्रकार मार्क टली का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 90 वर्षीय मार्क टली पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की जानकारी उनके करीबी मित्र और वरिष्ठ पत्रकार सतीश जैकब ने दी।

मार्क टली का जन्म 24 अक्टूबर 1935 को कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारत में बिताया, जबकि उनकी प्रारंभिक शिक्षा इंग्लैंड में हुई। वर्ष 1965 में बीबीसी के माध्यम से वे भारत लौटे और इसके बाद लंबे समय तक देश से जुड़े रहे। टली लगभग 22 वर्षों तक बीबीसी, नई दिल्ली के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत रहे और भारतीय राजनीति, समाज व समसामयिक घटनाओं पर उनकी रिपोर्टिंग को विशेष पहचान मिली।

एक सफल पत्रकार होने के साथ-साथ मार्क टली एक ख्यातिप्राप्त लेखक भी थे। उन्होंने भारत पर केंद्रित कई चर्चित पुस्तकें लिखीं, जिनमें नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया, इंडिया इन स्लो मोशन और द हार्ट ऑफ इंडिया शामिल हैं। इसके अलावा वे बीबीसी रेडियो 4 के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘समथिंग अंडरस्टुड’ के प्रस्तोता भी रहे।

मार्क टली को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2002 में नाइटहुड की उपाधि दी गई थी, वहीं भारत सरकार ने उन्हें 2005 में पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया था। उनके निधन से पत्रकारिता और साहित्य जगत में एक महत्वपूर्ण युग का अंत माना जा रहा है।