कुजू (रामगढ़), झारखंड :कुजू थाना क्षेत्र के भरेचनगर सांडी में मंगलवार 27 जनवरी 2026 को सरना झंडा लिए लगभग तीन से चार सौ लोगों की भीड़ एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट सह कॉम्प्लेक्स में घुस गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह जमीन आदिवासियों की है और इसे एक स्थानीय नेता द्वारा जबरन हड़पा जा रहा है।
भीड़ ने अपार्टमेंट सह कॉम्प्लेक्स के सामने बनी चहारदीवारी व गेट को ध्वस्त कर दिया तथा अंदर घुसकर कई स्थानों पर तोड़फोड़ की। इस दौरान निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में सरना झंडा लगाया गया और पोस्टर चिपकाए गए, जिनमें जमीन को आदिवासी भूमि बताया गया।
लगभग दो से तीन घंटे तक कॉम्प्लेक्स में डटे रहने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से वापस लौट गए। घटना की सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के सामने पुलिस बेबस नजर आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त जमीन पूर्व में आरपी अग्रवाल की थी, जहां एक गौशाला संचालित होती थी। बताया जाता है कि यह गौशाला ट्रस्ट के अंतर्गत निबंधित थी। बाद में गौशाला सहित अन्य जमीन को बेच दिया गया, जिसे कुजू के नेता कुमार महेश सिंह ने खरीदा। इसी जमीन के एक हिस्से में वाहन शोरूम का निर्माण कराया गया है, जबकि दूसरे हिस्से में अपार्टमेंट सह कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा था । लेकिन इधर लंबे समय से निर्माण कार्य बंद था ।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।