माता वैष्णो देवी मंदिर में सजी माता की चौकी, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : माता वैष्णो देवी मंदिर के 35वें स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार की शाम मंदिर परिसर में भव्य रूप से माता की चौकी सजाई गई। कार्यक्रम का आयोजन पंजाबी हिन्दू बिरादरी एवं माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया।

चौकी के दौरान माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एससी वासुदेव एवं सचिव महेश मारवाह की उपस्थिति में पंडित किशोर शर्मा और राजेश पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। सभी अनुष्ठानों के मुख्य यजमान हर्ष आनंद एवं उनकी पत्नी निशु आनंद ने विधिवत पूजन किया। इसके पश्चात माता रानी के जयकारों के बीच मुख्य यजमान द्वारा ज्योत प्रज्वलित किया गया।

माता की चौकी का शुभारंभ सरोज कुमार लक्खा एंड ग्रुप, धनबाद के भजन गायक सदानंद मुखर्जी द्वारा गणेश वंदना से किया गया। इसके बाद मुख्य गायक सरोज कुमार लक्खा ने “मां वेदों ने जो तेरी महिमा कही है सही है सही”, “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी” और “मन की मुराद पूरी कर मां” सहित एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में बुधवार को दो क्विंटल दूध से माता वैष्णो देवी की प्रतिमा का अभिषेक किया जाएगा। वहीं गुरुवार को माता का अटूट भंडारा आयोजित होगा। इसकी तैयारियों में पंजाबी हिन्दू बिरादरी एवं माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एससी वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित सभी सदस्य जुटे हुए हैं।