पुलिस ने 10 लोगों को भेजा जेल, 44 नामजद व 150 अज्ञात पर मामला दर्ज
घायल पुलिसकर्मी
चितरपुर, रामगढ़ (झारखंड) :झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकरीगढ़ा गांव में सोमवार रात मां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। घटना में तीन पुलिसकर्मी सहित एक वाहन चालक घायल हो गए।
जब्त मोटरसाइकिल
जानकारी के अनुसार, सुकरीगढ़ा गांव के रवींद्र मार्केट स्थित इमली टोला में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस पारंपरिक तरीके से निकाला जा रहा था। जुलूस जब तेली पोखर देवी मंडप के समीप पहुंचा, तो विसर्जन स्थल को लेकर पुलिस द्वारा दिशा-निर्देश दिए गए, जिस पर कुछ लोग असहमति जताने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की के बाद पथराव की स्थिति बन गई।
जब्त डीजे
घटना में रजरप्पा थाना में पदस्थापित एसआई रंजीत महतो, एसआई मोहम्मद इकबाल, कांस्टेबल फूलचंद महतो, हवलदार रोहित कुमार सिंह तथा एक चालक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पुलिस ने गांव में छापेमारी कर करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पांच लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि दस आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने 44 नामजद और लगभग 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर पर लदा डीजे साउंड सिस्टम, एक टेंपू और पांच मोटरसाइकिल जब्त की हैं। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जिन्हे भेजा गया जेल
अक्षय कुमार सोनी पिता उमेश प्रसाद, नरायण साव पिता जागेश्वर साव, विशाल वर्मा पिता दीनानाथ सोनी, सुजीत कुमार पिता सुरेश साव, संतोष कुमार पिता मोती महतो, अजय कुमार पिता बालकृष्ण प्रसाद, प्रीतम कुमार पिता रमेश प्रसाद, उत्तम कुमार पिता रमेश प्रसाद, पिंकु प्रसाद पिता दशरथ साव सभी थाना रजरप्पा एवं हीरालाल मुंडा पिता लुधू मुंडा थाना पतरातु (भदानीनगर) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.