भरेचनगर सांडी में निर्माणाधीन अपार्टमेंट को लेकर दूसरे दिन भी तनाव, पुलिस ने कराया मामला शांत,कुमार महेश सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंच कार्य प्रारंभ कराया

Spread the love
निर्माण का विरोध करते आदिवासी समुदाय के लोग

 कुजू (रामगढ़) , झारखंड :  कुजू ओपी क्षेत्र के भरेचनगर सांडी में निर्माणाधीन अपार्टमेंट सह कॉम्प्लेक्स को लेकर बुधवार 28 जनवरी 2026 को लगातार दूसरे दिन भी विवाद की स्थिति बनी रही। इससे पहले मंगलवार 27 जनवरी 2026 को आदिवासी समाज के लोगों ने मौके पर पहुंचकर चहारदीवारी, गेट समेत कई निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया था। साथ ही वहां सरना झंडा लगाते हुए इसे आदिवासी जमीन बताते हुए पोस्टर भी लगाए गए थे।

बताया गया कि उक्त जमीन सहित आसपास की कई एकड़ भूमि कुजू क्षेत्र के नेता कुमार महेश सिंह ने ऋषि सीमेंट के मालिक आरपी अग्रवाल से खरीदी थी। इसी जमीन पर बिल्डर के माध्यम से कन्वर्जन के बाद अपार्टमेंट सह कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। अपार्टमेंट के बगल में टाटा कंपनी के वाहनों का शोरूम तथा एक अन्य शोरूम के लिए भी कुमार महेश सिंह द्वारा जमीन दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

बुधवार को नेता कुमार महेश सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया। कुछ ही देर बाद 70–80 की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

स्थिति बिगड़ने से पहले कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से संबंधित कागजात अंचल कार्यालय में जमा कर जांच कराने का निर्देश दिया। इसके बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया और मामला शांत हुआ।

विवाद स्थल पर क्षेत्र के कई नेता भी मौजूद थे, जिनके बारे में बताया गया कि वे कुमार महेश सिंह के समर्थन में वहां पहुंचे थे।