रामगढ, झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी श्री निशांत अभिषेक द्वारा पीपीटी के माध्यम से जिले में अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी उपायुक्त एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों को दी गई।
उपायुक्त ने विगत कुछ समय में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए और अधिक प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खनन टास्क फोर्स की पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की भी जानकारी ली।
अवैध मुहानों को बंद करने की प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कहीं से भी अवैध मुहानों से खनन की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पूरी तरह बंद कराया जाए। अवैध खनन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा अवैध मुहानों की सघन डोजरिंग को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति में अवैध खनन कार्य न होने देने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं सभी थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।