रामगढ़, झारखंड : रामगढ़, झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर बुधवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि चुट्टूपालू घाटी में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने घाटी क्षेत्र में लगाए गए लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की स्थिति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने चुट्टूपालू घाटी में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए साइन बोर्ड की संख्या बढ़ाने, वाहनों की गति कम करने, ओवर स्पीडिंग पर सख्त नियंत्रण, हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, वाहन जांच अभियान चलाने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक में उपायुक्त ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि आमजन को जागरूक किया जा सके और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सके। बैठक में हिट एंड रन से संबंधित योजना की लाभ प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी, एनएचएआई के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित कई विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।