रामगढ़ (झारखंड) : नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के द्वितीय दिन मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः 11:00 बजे से सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसका वाचन पंडित श्री घनश्याम जी व्यास (कोलकाता) ने किया। कार्यक्रम का आयोजन परम श्रद्धेय श्री संतोष भाई जी (बरनपुर, आसनसोल) के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
सुंदरकांड पाठ के साथ ही 11:30 बजे से अटूट भंडारा आरंभ हुआ, जो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शाम 4:00 बजे के बाद तक निरंतर चलता रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्री श्याम 84 का पाठ करते पाठकर्ता
गणेश पूजन व श्री श्याम 84 पाठ
सायं 5:00 बजे यजमानों द्वारा गणेश पूजन संपन्न हुआ, जिसमें विष्णु पोद्दार, संजय अग्रवाल (मथुरा वाले), मुकेश गोंदिया, ऋषभ पटवारी, रितिक परशुरामपुरिया सहित सभी यजमानों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके पश्चात श्री श्याम 84 का पाठ एवं श्री श्याम परिवार अरदास मंडल द्वारा विशेष अरदास की गई।
मौजूद श्रद्धालु
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
कार्यक्रम की कड़ी में अयोध्या से आई बंकू सिस्टर्स ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। रात्रि 10:30 बजे से कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक लव अग्रवाल की भजन संध्या आरंभ हुई, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते रहे।
भव्य सजावट बनी आकर्षण का केंद्र
दरबार की भव्यता और अलौकिक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा फूलों से की गई साज-सज्जा—बाहर से लेकर गर्भगृह तक—अत्यंत मनमोहक रही। श्रद्धालु बाबा श्याम के दिव्य दरबार को निहारते हुए भाव-विभोर दिखाई दिए।
आयोजन में ट्रस्ट परिवार की अहम भूमिका
कार्यक्रम संयोजक विनय अग्रवाल ने दिन-रात मेहनत कर संपूर्ण आयोजन की रूपरेखा तैयार की। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सांवरमल अग्रवाल, सचिव अनिल अग्रवाल, ट्रस्ट परिवार सेरमेश अग्रवाल, राजेश पथरवा, मुरारी अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, विकास अग्रवाल, शंकर अग्रवाल, संजय चौधरी, शंभू पटवारी, राजेश पटवारी, इंद्र अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, दीपक पंसारी, मनोज मित्तल, आनंद अग्रवाल, सोनू पटवारी, प्रेस प्रभारीकमल बगड़िया सहित सैकड़ों भक्त मनोयोग से जुटे रहे।
रात्रि में फूलों की होली, इसके पश्चात श्री श्याम बाबा की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा श्याम की महिमा दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और जो भी उनके दरबार में सच्चे मन से आता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।