रामगढ़, झारखंड : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यय प्रेक्षक श्री इंद्रजीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर पदाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम), एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम), वीएसटी (वीडियो सर्विलांस टीम), विविटी (वीडियो व्यूइंग टीम), एटी (अकाउंटिंग टीम) तथा एलएमटी (लिकर मॉनिटरिंग टीम) के सदस्यों को निर्वाचन से संबंधित दायित्वों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, रामगढ़ ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन, अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी तथा निर्वाचन व्यय पर नियंत्रण सुनिश्चित करना सभी संबंधित टीमों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षण सत्र में अपर निर्वाचन पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार गुप्ता द्वारा विभिन्न टीमों की भूमिका, आपसी समन्वय, रिपोर्टिंग प्रक्रिया, तकनीकी उपकरणों के उपयोग तथा चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।