रांची, झारखंड : राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दो खड़ी बसों से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी चार अन्य बसें भी उसकी चपेट में आ गईं। इस घटना में कुल छह बसें बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के दौरान बस चालकों और खलासियों ने स्थिति को संभालते हुए अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया।
लोअर बाजार थाना और खादगढ़ा टीओपी की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।