रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) की ओर से हाल ही में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के लाभार्थियों के बीच 4 फरवरी 2026 को पावर चश्मों का वितरण किया गया।
यह नेत्र जांच शिविर पूर्व में रामगढ़, झारखंड के रांची रोड, सेवटा एवं महतो टोला क्षेत्रों में आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की आंखों की जांच की गई थी। जांच के दौरान जिन लोगों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई थी, उन्हें पावर चश्मे उपलब्ध कराए गए।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सेवटा क्षेत्र में 65, रांची रोड क्षेत्र में 45 तथा महतो टोला क्षेत्र में 48 लाभार्थियों को पावर चश्मे वितरित किए गए।
बीएफसीएल प्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल कंपनी की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) प्रतिबद्धता के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य रामगढ़, झारखंड में लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अच्छी दृष्टि से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा।
पावर चश्मा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने बीएफसीएल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें दैनिक जीवन के कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी।
बीएफसीएल रामगढ़, झारखंड में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्वों का लगातार निर्वहन कर रही है।