विश्व कैंसर दिवस पर सदर अस्पताल, रामगढ़ (झारखंड) में जागरूकता कार्यक्रम, एक सप्ताह चलेगा विशेष जांच शिविर

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल, रामगढ़ (झारखंड) परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन रामगढ़, डॉ. नवल कुमार ने की।

इस मौके पर जिला कुष्ठ निवारण सह एनसीडी नोडल पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी तथा जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को गैर संचारी रोगों (एनसीडी) के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग सहित सामान्य रूप से पाए जाने वाले कैंसर जैसे ओरल कैंसर, स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उद्घाटन कार्यक्रम में सदर अस्पताल रामगढ़ (झारखंड) के उपाधीक्षक, चिकित्सा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिले के सभी संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के साथ-साथ जिला अस्पताल (डीएच) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) स्तर पर एक सप्ताह तक विशेष कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्तन, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर की जांच की जाएगी। साथ ही जिले में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम सहायक आमोद कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।