रामगढ़, झारखंड : नगर पालिका चुनाव के मद्देनज़र रामगढ़, झारखंड में अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग ने सघन छापामारी अभियान चलाया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर 05 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त उत्पाद श्री अरविंद कुजूर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
उत्पाद विभाग की टीम ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के कांकेबार, गोसा एवं रानी बागी सहित विभिन्न इलाकों में व्यापक छापेमारी करते हुए कई अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट किया। इस दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ तथा लगभग 40 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
छापामारी के क्रम में कांकेबार निवासी राहुल कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अन्य संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में अधीनस्थ उत्पाद बल एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों के सहयोग से की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।