रामगढ़ में इनरव्हील क्लब रामगढ़ द्वारा कैंट गर्ल्स मिडिल स्कूल व उम्मीद स्कूल में खेल दिवस का आयोजन, तीन वर्गों में प्रतियोगिता

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : इनरव्हील क्लब रामगढ़ की ओर से रामगढ़, झारखंड स्थित कैंट गर्ल्स मिडिल स्कूल तथा उम्मीद स्कूल में खेल दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तीन वर्गों—केजी से कक्षा 2, कक्षा 3 से 5 एवं कक्षा 6 से 8—में आयोजित हुआ।

तीनों वर्गों में कई चयन चरणों के बाद अंतिम प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिसके पश्चात प्रत्येक वर्ग से तीन-तीन विजेताओं को उपहार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन तथा सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा। साथ ही बच्चों को शारीरिक रूप से सक्रिय और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनरव्हील क्लब रामगढ़ की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जो उनके समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

इस अवसर पर उम्मीद स्कूल, जो दिव्यांग बच्चों का विद्यालय है, वहां भी विशेष रूप से खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, ताकि समावेशन और समान सहभागिता का संदेश दिया जा सके। विद्यालय के सभी बच्चों को नाश्ते की सामग्री प्रदान की गई।

दोनों विद्यालयों के बच्चों के बीच पेय पदार्थों का भी वितरण किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ खेल गतिविधियों में भाग लिया और आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब रामगढ़ की कोषाध्यक्ष मेघा बगड़िया एवं पूर्व अध्यक्ष अनुराधा श्रॉफ भी उपस्थित रहीं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।