रामगढ़ (झारखंड) : मारवाड़ी प्रतिभा सम्मान मंच का पाँचवां स्थापना दिवस श्री मारवाड़ी धर्मशाला परिसर, रामगढ़ (झारखंड) में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंच से जुड़े सभी सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से केक काटकर एक-दूसरे को बधाई देकर की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. ए. के. बेरलिया ने कहा कि मारवाड़ी प्रतिभा सम्मान मंच की स्थापना समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने बताया कि मंच निरंतर समाज के होनहार युवाओं को सम्मानित कर उनके मनोबल को मजबूत कर रहा है।
संस्थापक अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मारवाड़ी प्रतिभा सम्मान मंच अपने निर्धारित उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार कर रहा है।
उपाध्यक्ष गोविंद लाल अग्रवाल ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए उसका स्थापना दिवस अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसे उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि सदस्यों में संगठन के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में मानद सचिव प्रभात कुमार अग्रवाल, संयुक्त सचिव उमेश राजगढ़िया, कोषाध्यक्ष सुरेश बौंदिया तथा कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर परसरामपुरिया, रतन कुमार जैन, माणिक चंद जैन, निशा जैन और अनिल मित्तल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।