रामगढ़ (झारखंड) : डीआईजी अंजनी कुमार झा के आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर, पतरातू एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, फायरिंग कांड की समीक्षा

Spread the love
निरीक्षण करते डीआइजी 

रामगढ़, झारखंड :   पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), उत्तर छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग  अंजनी कुमार झा (भा.पु.से.) 12 फरवरी 2026 को के रामगढ़ जिला, झारखंड आगमन पर पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुलिस केन्द्र, रामगढ़ में परिचारी प्रवर मन्दु यादव द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके पश्चात डीआईजी द्वारा रामगढ़ जिला, झारखंड के पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में कार्यालय परिसर एवं भवन की साफ-सफाई, किट परेड का अवलोकन किया गया। साथ ही अपराध अनुक्रमणी, अपराध मानचित्र, पर्यवेक्षण हेतु लंबित कांडों की सूची, आगत-निर्गत पंजी, लंबित कांड पंजी, गुंडा पंजी, गैंग पंजी, लूट पंजी, डकैती पंजी, त्रुटि पंजी तथा नक्सल पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

संगठित अपराध से जुड़े मामलों की समीक्षा

पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के उपरांत डीआईजी द्वारा रामगढ़ जिला, झारखंड में विगत छह माह के दौरान संगठित अपराधियों द्वारा की गई हत्या, आगजनी, गोलीबारी, पोस्टरबाजी एवं धमकी भरे कॉल से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। यह समीक्षा अनुसंधानकर्ता, थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारियों की उपस्थिति में की गई।

डीआईजी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कांडों के शीघ्र निष्पादन एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरैयाटोला फायरिंग कांड पर विशेष निर्देश

डीआईजी ने दिनांक 11/12 फरवरी 2026 की रात्रि में पतरातू थाना क्षेत्र, रामगढ़ जिला, झारखंड के सरैयाटोला (सौंदा बस्ती) में दो कोयला कारोबारियों के घरों पर अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग की घटना की भी समीक्षा की।

उन्होंने अज्ञात अपराधियों की पहचान, सत्यापन एवं शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को दिया। इसके साथ ही सभी थाना एवं ओपी प्रभारी, पुलिस निरीक्षक तथा पतरातू एवं रामगढ़ अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों को संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।