मारवाड़ी होटल के संस्थापक व समाजसेवी मक्खन लाल शर्मा का निधन, 78 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ गुरुद्वारा के समक्ष स्थित प्रसिद्ध मारवाड़ी होटल के संस्थापक एवं संचालक तथा जाने-माने समाजसेवी मक्खन लाल शर्मा का गुरुवार को दिन के लगभग एक बजे निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे और बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।

परिजनों के अनुसार वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से रामगढ़ शहर के सामाजिक एवं व्यवसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मक्खन लाल शर्मा ने 1970 के दशक में रामगढ़ गुरुद्वारा के सामने मारवाड़ी होटल की स्थापना कर शहर के होटल व्यवसाय को एक नई पहचान दी थी। सरल स्वभाव और समाजसेवा के प्रति समर्पण के कारण वे स्थानीय लोगों के बीच सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा अग्रसेन पथ स्थित आवास से प्रातः 11 बजे रामगढ़ दामोदर नदी तट स्थित मुक्ति धाम के लिए निकाली जाएगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मक्खन लाल शर्मा के निधन पर रामगढ़ की विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।