रामगढ़, झारखंड : पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेया टोला में कोयला व्यवसायियों के आवास के बाहर तथा अन्य स्थानों पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार कोयला व्यवसायी गजानंद प्रसाद के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि सरेया टोला में कोयला व्यवसायी गजानंद प्रसाद एवं नीतीश साव के घर के बाहर अज्ञात अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
इस बीच एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) से जुड़े व्यक्ति द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। संगठन की ओर से जारी कथित बयान में कुछ लोगों को चेतावनी देने की बात कही गई है।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अब तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठन द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे की जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।