हजारीबाग ( झारखंड) : झारखंड के हज़ारीबाग़ जिले में हाथियों के हमले से दहशत फैल गई है। दारू वन क्षेत्र अंतर्गत चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव के नन्हुटोंगरी टोला में गुरुवार देर रात हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल छह लोगों की जान चली गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब 12 से 1 बजे के बीच लगभग पांच जंगली हाथी गांव की सीमा में घुस आए। हाथियों के आने की सूचना मिलते ही कई ग्रामीण उन्हें खदेड़ने के लिए टोला की ओर पहुंचे। इसी दौरान झुंड से अलग हुआ एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया और ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़ा। अफरा-तफरी के बीच कई लोग किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन छह लोग उसकी चपेट में आ गए। मृतकों में धनेश्वर राम (49), सुमन देवी (28), सूरज राम (52), सविता देवी (26), सविता के पति दीपक राम और उनके दो बच्चे अनुराग कुमार (4 साल) और संजना कुमारी (10 महीने) शामिल हैं।
घटना के दौरान एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या छह हो गई।
सूचना मिलने के बाद झारखंड वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ा गया। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड करगी जंगल की ओर चला गया है।
घटना के बाद पूरे टोला और आसपास के गांवों में शोक और भय का माहौल है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वन विभाग की टीम फिलहाल गांव में ही डटी हुई है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को रात के समय जंगल और खुले क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की गई है।