रामगढ़, झारखंड : पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ में शुक्रवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने की।
बैठक में फायरिंग, आगजनी, लूट, डकैती एवं गंभीर प्रकृति के मामलों की समीक्षा करते हुए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित कांडों में शीघ्र कार्रवाई कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने गंभीर मामलों में आरोपियों की पहचान, सत्यापन और गिरफ्तारी में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना/ओपी में लंबित मामलों की समीक्षा हर दो दिन में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कराई जाए तथा न्यायालय से निर्गत वारंट व कुर्की का समय पर निष्पादन किया जाए। कोर्ट में विचाराधीन मामलों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए एंटी क्राइम अभियान, ड्रंक एंड ड्राइव जांच, धार्मिक स्थलों पर निगरानी, संदिग्ध मोबाइल नंबरों के सत्यापन, महिला सुरक्षा को लेकर रात्रि गश्त बढ़ाने, अकेली महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अवैध शराब, नशीले पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान, चोरी, गृहभेदन एवं लूट के मामलों के उद्भेदन, महिला उत्पीड़न व बलात्कार के मामलों के शीघ्र निष्पादन, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तथा 112 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी, थाना/ओपी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित थे।