कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब शिलॉन्ग के लिए रवाना होने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान के टॉयलेट में संदिग्ध हस्तलिखित नोट मिलने की सूचना सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, यह उड़ान कोलकाता से शिलॉन्ग के लिए रवाना होने वाली थी। बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान विमान के लैवेटरी में एक कागज मिला, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी।
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और एहतियातन सभी यात्रियों को तुरंत विमान से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग और सुरक्षा कर्मियों की टीम ने विस्तृत तलाशी अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरी प्रक्रिया के तहत जांच जारी रखी गई है।
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मानक सुरक्षा प्रक्रिया (एसओपी) के तहत तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने इसे एक “बम स्केयर” बताया है और कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए।