सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रिया कुमारी एक सुशिक्षित, कर्मठ और निष्ठावान उम्मीदवार हैं। नगर परिषद को भ्रष्टाचार से मुक्त बनाने के लिए उन्हें विजयी बनाना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि बैलेट पेपर में क्रमांक 6 (बिस्किट छाप) पर मुहर लगाकर प्रिया कुमारी को भारी मतों से जीत दिलाएं।
उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की नीयत से इसे निर्दलीय आधार पर कराया है, लेकिन जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
प्रिया कुमारी ने रखी प्राथमिकताएं
भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रिया कुमारी ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि उनका लक्ष्य नगर परिषद क्षेत्र को भ्रष्टाचार और प्रदूषण से मुक्त बनाना है। उन्होंने वादा किया कि हर घर तक नल का जल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में चुनाव प्रभारी शशि भूषण भगत, सह प्रभारी अमरनाथ चौधरी, राजीव जायसवाल, राजू चतुर्वेदी, विजय जायसवाल, चुनाव प्रबंधक जगेश्वर प्रजापति, सुनील साहू और मनोज गिरि ने भी सभा को संबोधित करते हुए प्रिया कुमारी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
जनसभा में भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा, नगरवासी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।