रामगढ़, झारखंड : शांतिधारा फ़ाउन्डेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी अग्रवाल ने बिहार फ़ाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को एक पत्र प्रेषित कर झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर ( कृत्रिम सीपीआर मशीन) लगाए जाने का प्रस्ताव रखा है।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में हार्ट अटैक के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। यात्रा के दौरान इसकी संभावना और अधिक बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में यदि मरीज को सही समय पर उपचार मिल जाए, तो गंभीर परिस्थिति से उसकी जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने लिखा है कि शांतिधारा फ़ाउन्डेशन के सौजन्य से बरकाकाना रेलवे स्टेशन, रामगढ़ जिला, झारखंड में एक ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर मशीन स्थापित की जाएगी। इसके लिए उन्होंने बिहार फ़ाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड से उक्त मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मशीन के संचालन हेतु रेलवे स्टाफ को प्रशिक्षण देने तथा मशीन के रख-रखाव की पूरी जिम्मेदारी शांतिधारा फ़ाउन्डेशन द्वारा निभाई जाएगी।
शांतिधारा फ़ाउन्डेशन ने विश्वास जताया है कि कंपनी के आर्थिक सहयोग से यह अत्यंत आवश्यक स्वास्थ्य परियोजना झारखंड के रामगढ़ जिले में साकार हो सकेगी और यात्रियों के लिए जीवनरक्षक सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।