झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस महानिरीक्षक ने निरीक्षण के बाद संगठित अपराध पर सख्ती के दिए निर्देश, 13 बिंदुओं पर कार्रवाई का आदेश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक बोकारो के आगमन पर संगठित अपराध से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांडों की प्रगति, लंबित विवेचनाओं, जमानत पर छूटे अपराधियों तथा निगरानी से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रामगढ़, सहायक पुलिस अधीक्षक (पतरातू अनुमंडल), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान संगठित अपराधियों, फरार अभियुक्तों, जेल से छूटे अपराधियों और निगरानी में रखे गए व्यक्तियों की स्थिति की जांच की गई। साथ ही सीसीटीएनएस, डोजियर, सीसीओ और सर्विलांस से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा हुई।

बैठक के बाद रामगढ़ (झारखंड) जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निम्न प्रमुख निर्देश जारी किए गए—

मुख्य निर्देश

  1. प्रतिदिन समय व स्थान बदलकर एंटी क्राइम चेकिंग कर उसकी प्रविष्टि रजिस्टर में सुनिश्चित करें।

  2. सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए।

  3. संगठित आपराधिक गिरोह के अपराधियों के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज की जाए।

  4. e-Prison के माध्यम से अपराधियों की वर्तमान स्थिति की निगरानी तथा जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर सीसीओ/डोजियर के तहत निगरानी की जाए।

  5. संगठित गिरोह से जुड़े वर्तमान में जेल में बंद अभियुक्तों के विरुद्ध सीसीओ के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।

  6. अज्ञात अभियुक्तों से जुड़े मामलों में सत्यापन कर साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

  7. संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्यों का पृथक डाटाबेस तैयार किया जाए।

  8. जिन मामलों में संगठित अपराध से जुड़े अभियुक्त गिरफ्तार हैं, उनमें त्वरित विचारण कराकर सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

  9. न्यायालय से वारंट, इस्तेहार एवं कुर्की प्राप्त कर लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई पूरी की जाए।

  10. थाना/ओपी क्षेत्र के प्रवेश-निकास मार्गों पर सघन वाहन जांच एवं सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

  11. आम नागरिकों से अपील की गई कि घर खाली छोड़कर बाहर जाने से पहले थाना/ओपी को सूचना दें, ताकि पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी की जा सके।

  12. ब्लैक फिल्म लगाकर चलने वाले वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।

  13. अवैध शराब बिक्री एवं नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि झारखंड के रामगढ़ जिले में संगठित अपराध पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी और सभी थानों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।