साउदर्न वेव्स होटल के संचालक राजीव चड्ढा का निधन, मुक्ति धाम में हुआ अंतिम संस्कार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शिवाजी रोड स्थित साउदर्न वेव्स होटल के संचालक राजीव चड्ढा का आकस्मिक निधन हो गया। वे सोमवार को पारिवारिक समारोह में शामिल होने रांची गए हुए थे, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें हृदयाघात हुआ, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर झारखंड के रामगढ़ जिले में लाया गया। इसके बाद मुक्ति धाम, रामगढ़ में, दामोदर नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

राजीव चड्ढा अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही रामगढ़ जिले के शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

वे पंजाबी हिंदू बिरादरी द्वारा संचालित लाला लाजपत राय बाल विद्या मंदिर के सचिव भी थे। अंतिम संस्कार के अवसर पर झारखंड के रामगढ़ जिले के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मुक्ति धाम पहुंचे।

शहर की विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक प्रकट किया।