झारखंड के रामगढ़ जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा संचालित “ट्रांस कैफे” का उद्घाटन

Spread the love

 उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने बताया समावेशी विकास की बड़ी पहल

रामगढ़, झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मंगलवार को “ट्रांस कैफे” का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर इस कैफे की शुरुआत की गई।

यह कैफे छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क परिसर में स्थापित किया गया है। यह पहल जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी एवं किन्नर उत्थान समिति के सहयोग से संचालित की जा रही है।

उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि “ट्रांस कैफे” का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना, स्वरोजगार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल रोजगार के अवसर सृजित होंगे, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और स्वीकार्यता को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष पहल से जुड़कर ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रयासों को प्रोत्साहित करें और “हर कप के साथ एक सपने को समर्थन” के संदेश को आगे बढ़ाएं।

बताया गया कि ट्रांस कैफे की शुरुआत में उत्थान सीबीओ संस्था एवं संस्था की सुनीता कौर का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।