रामगढ़ (झारखण्ड) : श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा द्वितीय रंग रंगीला फागुन महोत्सव का भव्य आयोजन, 26 फरवरी को निकलेगी विशाल निशान यात्रा

Spread the love

रामगढ़,झारखंड  :  श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में द्वितीय रंग-रंगीला फागुन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10:00 बजे से छावनी फुटबॉल ग्राउंड से एक विशाल निशान यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों महिला-पुरुष एवं बच्चे बाबा के निशान के साथ शामिल होंगे।

आयोजन की शुरुआत छावनी फुटबॉल ग्राउंड में निशान पूजन एवं ध्वजा पूजन से होगी। इसके बाद कूपनधारी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को निशान प्रदान किए जाएंगे। यात्रा के दौरान बाबा की विभिन्न झांकियां, बैंड पार्टी की धुनें तथा स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति रहेगी।

निशान यात्रा छावनी फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर नेहरू रोड स्थित श्याम मंदिर के सामने से होते हुए गोला रोड, थाना चौक एवं सुभाष चौक के रास्ते पुनः छावनी फुटबॉल ग्राउंड पहुंचकर विश्राम करेगी। यहां कूपन के आधार पर निशानधारी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत शाम 6:30 बजे से होगी। इस अवसर पर बाबा के मंदिर को फूलों से भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा बाबा की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। रात्रि में फूलों की होली एवं धमाल गायन के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। अगली सुबह बाबा के शंखनाद एवं आरती के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।

कमेटी द्वारा निशान यात्रा, सवामणि एवं महाभोग के कूपन जारी किए गए हैं। इच्छुक श्रद्धालु कमेटी या मंदिर परिसर से कूपन प्राप्त कर कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। आयोजन के संयोजक श्री विनय अग्रवाल सहित ट्रस्ट के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी कमल बगड़िया ने दी है ।