इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की संशोधित तिथि जारी, 23 फरवरी की परीक्षा अब 24 फरवरी को

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: कार्यालय अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ द्वारा वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) 2026 से संबंधित संशोधित आदेश जारी किया गया है। यह आदेश झारखंड ऐकडेमिक  कॉउंसिल , रांची के पत्र के आलोक में निर्गत किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिनांक 03 फरवरी 2026 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा के अंतर्गत 23 फरवरी 2026 को प्रस्तावित हिंदी “बी” एवं मातृभाषा विषय की परीक्षा, नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के मतदान दिवस के कारण स्थगित कर दी गई है।

अब उक्त दोनों विषयों की परीक्षा 24 फरवरी 2026 को द्वितीय पाली में दोपहर 02 बजे से अपराह्न 05 बजकर 15 मिनट तक आयोजित की जाएगी। अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।

कार्यालय अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ, झारखंड द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में सभी संबंधित विभागों, पदाधिकारियों एवं परीक्षा केंद्राधीक्षकों को आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचना प्रेषित कर दी गई है।