24 घंटे में दूसरा विमान हादसा : झारखंड के चतरा जिला हादसे के बाद अंडमान के मायाबंदर समुद्र में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग, सभी सात सुरक्षित

Spread the love

मायाबंदर, अंडमान एवं निकोबार : देश में हवाई घटनाओं को लेकर चिंता के बीच 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। सोमवार को झारखंड, चतरा जिला में हुए विमान हादसे के बाद मंगलवार सुबह अंडमान के मायाबंदर के पास समुद्र में एक हेलीकॉप्टर को आपात लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर पवन हंस द्वारा संचालित था। उड़ान ने सुबह लगभग 8.45 बजे श्री विजयपुरम (पोर्ट ब्लेयर) से मायाबंदर के लिए प्रस्थान किया था। उड़ान के करीब 45 मिनट बाद, लगभग 9.30 बजे, तकनीकी समस्या सामने आने पर पायलट को समुद्र में नियंत्रित आपात लैंडिंग करानी पड़ी।

हेलीकॉप्टर में दो चालक दल के सदस्य और एक बच्चे सहित पांच यात्री सवार थे। स्थानीय एवं बचाव एजेंसियों की मदद से सभी सातों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

कंपनी का बयान

पवन हंस के प्रवक्ता ने बताया कि मायाबंदर के पास उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने पर हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग कराई गई। घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी यात्रियों तथा चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया।

अधिकारियों की प्रारंभिक जानकारी

वरिष्ठ नागरिक उड्डयन अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि तकनीकी खराबी के कारण पायलट को पानी पर नियंत्रित लैंडिंग करनी पड़ी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

पृष्ठभूमि : झारखंड, चतरा जिला का हादसा

इससे एक दिन पहले झारखंड, चतरा जिला में रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना हुई थी, जिसमें मरीज सहित सात लोगों की मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं से हवाई सुरक्षा को लेकर आम लोगों में चिंता बढ़ गई है।