धनबाद, झारखंड : झारखंड के धनबाद स्थित सिविल कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को देखते हुए पूरे परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल पते पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश मिलते ही न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार तथा धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी कोर्ट रूम, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष, अधिवक्ताओं के चेंबर और परिसर में खड़े वाहनों की बारीकी से जांच की गई। एहतियात के तौर पर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई और पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सुरक्षा घेरे में रखा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने वाले ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की सहायता ली जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच यह सूचना भी सामने आई है कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।