रामगढ़, झारखंड : होली एवं रमज़ान पर्व को देखते हुए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश के आलोक में सिविल सर्जन सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रामगढ़ के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान के दौरान रामगढ़ (झारखंड) के सुभाष चौक स्थित
शालीमार स्वीट्स,
प्रिया स्वीट्स,
पूनम स्वीट्स
सहित अन्य होटल एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में पेड़ा, पनीर, बूंदी लड्डू, खोया बर्फी एवं खोया के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा अन्य खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि एवं स्वच्छता पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री न करें, सभी खाद्य सामग्रियों पर स्पष्ट लेबलिंग सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराएं। होटल एवं रेस्टोरेंट स्टाफ को एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर के उपयोग का भी पालन करने को कहा गया।
इसके साथ ही खाना बनाने में साफ पानी का उपयोग, कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री का प्रयोग, उचित लेबलिंग के साथ पैकिंग, सिंथेटिक कलर के प्रयोग से परहेज तथा अनावश्यक रंगों के उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, रामनाथ प्रसाद एवं लुकेश रवानी उपस्थित थे।