रामगढ़ : डॉ. शारदा प्रसाद को मिलेगा ‘सुशीला सामद स्मृति सम्मान–2026’

Spread the love

रामगढ़ (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन की निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. शारदा प्रसाद को वर्ष 2026 के लिए ‘सुशीला सामद स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।

यह घोषणा झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति द्वारा की गई है। समिति के अनुसार हिंदी साहित्य, क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के पुरोधाओं की स्मृति में यह सम्मान चौथी बार आगामी मार्च माह में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।

डॉ. शारदा प्रसाद — समीक्षक, कवयित्री, पूर्व प्राचार्या, रामगढ़ महाविद्यालय, रामगढ़ तथा रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन की निवर्तमान अध्यक्ष हैं। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

समिति की त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडली —
शिरोमणि महतो (अध्यक्ष),
नीरज नीर (सचिव)
एवं विनोद राज
द्वारा चयन किए जाने के पश्चात इस सम्मान की घोषणा की गई।

गौरतलब है कि डॉ. शारदा प्रसाद की अब तक 19 पुस्तकें (मौलिक एवं संपादित) प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके 100 से अधिक शोधालेख, कविताएं एवं निबंध विभिन्न पुस्तकों, जर्नल तथा पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। उन्हें अब तक दो दर्जन से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।

उनकी इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल, अध्यक्ष प्रो. प्रणीत कुमार, उपाध्यक्ष अखौरी कृष्ण बिहारी प्रसाद, सचिव डॉ. ताराशंकर अग्रवाल, डॉ. सुनील अग्रवाल, प्रो. बी.के. दांगी, कस्तूरबा महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उमा सेन गुप्ता, डॉ. अंजू शर्मा, मृत्युंजय केसरी, प्रो. बबीता कुमारी, गोविंद झा, मनोज कुमार झा, प्रो. उत्तम कुमार, भारत भूषण श्रीवास्तव सहित रामगढ़ जिला, झारखंड के अनेक बुद्धिजीवियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।स्थान संदर्भ : रामगढ़, झारखंड