रामगढ़  के लोहार टोला में पुराने स्थल पर होगा होलिका दहन, एसडीओ के आदेश से खत्म हुआ संशय

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ के लोहार टोला में  पूर्व से जिस स्थान पर होलिका दहन होता चला आ रहा है, इस वर्ष भी उसी स्थान पर ही होलिका दहन किया जाएगा। इसे लेकर चल रहा संशय गुरुवार को उस समय समाप्त हो गया, जब अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी ने संबंधित जमीन पर होलिका दहन की अनुमति देते हुए आदेश पारित कर दिया।

गौरतलब है कि लोहार टोला के जिस मैदान में वर्षों से होलिका दहन होता आ रहा है, उस जमीन को लेकर हाल के दिनों में विवाद उत्पन्न हो गया था। कुछ लोगों द्वारा जमीन की घेराबंदी किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ लिया था।

इसी दौरान पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी का विरोध किया था। विरोध के क्रम में कुछ लोगों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी सूचना सामने आई थी। इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

तनाव को देखते हुए प्रशासन ने उक्त जमीन पर निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू कर दी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों में यह आशंका बनी हुई थी कि निषेधाज्ञा के कारण इस वर्ष वहां होलिका दहन हो पाएगा या नहीं।

अब अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से आदेश जारी किए जाने के बाद स्थिति साफ हो गई है कि लोहार टोला में जिस स्थान पर पूर्व वर्षों में होलिका दहन होता रहा है, उसी स्थान पर इस वर्ष भी परंपरागत रूप से होलिका दहन किया जाएगा।