भदानी नगर (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिला अंतर्गत पतरातू थाना क्षेत्र के भदानी नगर ओपी इलाके में गुरुवार की देर रात क्रेशर निर्माण स्थल पर अपराधियों ने हमला कर दहशत फैला दी। हथियारों से लैस अपराधियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया और वहां खड़ी जेसीबी मशीन में आग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पहले कार्यस्थल पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की, इसके बाद उन्हें जबरन कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद जेसीबी मशीन से डीजल निकालकर पूरे वाहन में छिड़काव किया गया और आग के हवाले कर दिया गया। कुछ ही देर में मशीन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों और कर्मियों से रंगदारी वसूली के उद्देश्य से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पतरातू क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई जेसीबी मशीन का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।